एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में किच्छा-सिरौलीकलां मतगणना को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस अलर्ट, 3 कंपनी PAC समेत 400 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात; ड्रोन से होगी निगरानी: देखें इंटरव्यू

 

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 

किच्छा-सिरौलीकलां नगर पालिका मतगणना पर पुलिस अलर्ट

एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में किच्छा-सिरौलीकलां मतगणना को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस अलर्ट, 3 कंपनी PAC समेत 400 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात; ड्रोन से होगी निगरानी

 

रुद्रपुर। किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन की मतगणना को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। पुलिस लाइन में एसएसपी अजय गणपति की उपस्थिति में पुलिस बल की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें एडीएम, एसपी सिटी, एसडीएम, रिटर्निंग ऑफिसर (RO) तथा सभी पुलिस उपाधीक्षक (DSP) मौजूद रहे।

ब्रीफिंग के दौरान मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना स्थल की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना एजेंटों के प्रवेश एवं निकास प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान पूरी निष्पक्षता बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

भारी पुलिस बल और 3 कंपनी PAC की तैनाती

मतगणना को सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बड़े पैमाने पर पुलिस बल की तैनाती की है। सुरक्षा व्यवस्था में 02 अपर पुलिस अधीक्षक (ASP), 04 क्षेत्राधिकारी (CO), 18 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक (SI), 11 महिला उपनिरीक्षक (LSI), 230 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 74 महिला कांस्टेबल तथा 22 ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त पीएसी की 03 कंपनियां भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात की गई हैं।

पुलिस द्वारा मतगणना केंद्रों के अलावा आसपास के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

ड्रोन कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर

सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाते हुए मतगणना केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे साइबर टीम की नजर

मतगणना के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। साइबर टीम द्वारा 24 घंटे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस की नजर विशेष रूप से भ्रामक खबरों, अफवाहों, भड़काऊ पोस्ट और ऐसी सामग्री पर रहेगी, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मतगणना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने, शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

1007394210_cropped.webp

 

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मतगणना से संबंधित किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और उसे आगे प्रसारित न करें। किसी भी प्रकार की सूचना की पुष्टि संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारियों से करने के बाद ही उस पर विश्वास करें।

ऊधमसिंहनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन की मतगणना को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और मतगणना के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार मुस्तैद रहेंगी।