बनभूलपुरा में अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन का शिकंजा, तीन क्लीनिक सील; दस्तावेज नहीं दिखा पाए संचालक

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉

बनभूलपुरा में अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन का शिकंजा, तीन क्लीनिक सील; दस्तावेज नहीं दिखा पाए संचालक

हल्द्वानी। शहर में बिना जरूरी दस्तावेजों और मानकों के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक संचालक आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण संबंधी कागजात टीम के सामने प्रस्तुत नहीं कर सके।

संयुक्त टीम में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, थाना बनभूलपुरा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने क्षेत्र में संचालित क्लीनिकों का निरीक्षण करते हुए उनके पंजीकरण, लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।

जांच के दौरान तीन क्लीनिकों के संचालक मौके पर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाए। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तीनों क्लीनिकों को तत्काल सील कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि प्रशासन को बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना जरूरी दस्तावेजों के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें मिली थीं। शिकायत के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर तीन क्लीनिकों को सील किया गया।

उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वाले सभी क्लीनिक संचालकों के लिए स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पंजीकरण और आवश्यक लाइसेंस रखना अनिवार्य है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले क्लीनिक संचालकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध अथवा बिना जरूरी दस्तावेजों के संचालित हो रहे क्लीनिकों पर शिकंजा कसने के संकेत मिले हैं।