अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
बरेली सहित इन रेलवे स्टेशनों पर चला ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान, इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों को दिया साफ-सुथरे सफर का संदेश
लालकुआं। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के तहत लालकुआं रेलवे स्टेशन सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर रेलवे वातावरण उपलब्ध कराना रहा।

अभियान के दौरान लालकुआं रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, शौचालय, रेलवे ट्रैक तथा अन्य यात्री सुविधाओं वाले क्षेत्रों की मशीनीकृत सफाई कराई गई। इसके साथ ही यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा जनभागीदारी के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
इज्जतनगर, बरेली सिटी, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, रामनगर, टनकपुर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद, कन्नौज और पीलीभीत सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर एक साथ अभियान संचालित किया गया। ईएनएचएम एवं ऑनबोर्ड फ्रंटलाइन स्टाफ ने ‘स्वच्छता से स्वागत’ संदेश वाले बैज धारण किए, जबकि संविदा कर्मियों ने जागरूकता रैलियां निकालकर आमजन को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।
स्टेशनों पर स्वच्छता संबंधी बैनर और संदेश प्रदर्शित किए गए तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से भी किया गया। रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा कर्मियों और यात्रियों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के अनुसार यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे जनहितकारी अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।
