कुमाऊं आईजी निवेदिता कुकरेती ने संभाली कुमाऊं परिक्षेत्र की कमान, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को बनाया सर्वोच्च :प्राथमिकता देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 कुमाऊं 👉 कुमायूँ परिक्षेत्र को मिली नई कमान, आईजी निवेदिता कुकरेती ने संभाला कार्यभार
कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण को बनाया सर्वोच्च एजेंडा, कैंची धाम मेले की तैयारियों का लिया जायजा
नैनीताल। भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक, कुमायूँ परिक्षेत्र के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और कुमायूँ मंडल की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की।


कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया कि कुमायूँ परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना, नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाना तथा जनता की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा संवाद को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
कैंची धाम मेला और पर्यटन सीजन पर विशेष फोकस
आईजी कुकरेती ने कहा कि आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस, पर्यटन सीजन और बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। इसके लिए पार्किंग, शटल सेवा, ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण की व्यापक योजना लागू की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


स्मार्ट पुलिसिंग और पुलिस कल्याण पर जोर
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग, अपराध विश्लेषण प्रणाली को मजबूत करने तथा पुलिस कर्मियों के कल्याण और क्षमता विकास के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए समन्वित रणनीति अपनाई जाएगी।
मीडिया को बताया महत्वपूर्ण भागीदार


आईजी निवेदिता कुकरेती ने मीडिया प्रतिनिधियों से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और जनजागरूकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यभार ग्रहण करते ही पहुँचीं कैंची धाम
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद आईजी निवेदिता कुकरेती कैंची धाम पहुँचीं, जहां उन्होंने आगामी मेले एवं पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, सुरक्षा प्रबंधों, आपातकालीन व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की और आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन तथा मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
कुमायूँ परिक्षेत्र में नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और आधुनिक पुलिसिंग को लेकर उनकी कार्यशैली सक्रिय, संवेदनशील और परिणामोन्मुखी रहेगी।

error: Content is protected !!