रुद्रपुर साइबर अपराध, नशे और महिला सुरक्षा पर जागरूकता का संदेश, चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 साइबर अपराध, नशे और महिला सुरक्षा पर जागरूकता का संदेश, चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
रुद्रपुर। युवाओं को साइबर अपराध, नशे और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा एक अनूठी पहल की गई। एसपी क्राइम/ट्रैफिक ऊधमसिंहनगर जितेंद्र चौधरी के कुशल निर्देशन में श्री गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज, रुद्रपुर में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम, नशे के दुष्प्रभाव और महिला सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में करीब 280 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक कला के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों में साइबर फ्रॉड से बचाव, नशामुक्त समाज और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
19 मई 2026 को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी क्राइम/ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी मौजूद रहे। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में कक्षा 10 ‘सी’ की छात्रा तनु विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 10 ‘सी’ की निशा गुप्ता और कक्षा 11 ‘ए’ की माही शर्मा ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। कक्षा 10 ‘सी’ की भावना जोशी एवं भूमि सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी क्राइम/ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधों से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन और सुरक्षा उपायों की जानकारी रखने की अपील की। उन्होंने छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की कला समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन सकती है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, साइबर सेल रुद्रपुर तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

error: Content is protected !!