अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने शुरू कराया विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, बीएलओ पहुंचे घर-घर; मतदाताओं को बांटे जा रहे गणना फॉर्म
नैनीताल/हल्द्वानी, 8 जून।
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत सोमवार से हो गई। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण अभियान की औपचारिक शुरुआत लोकभवन नैनीताल में हुई, जहां उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा गणना फॉर्म उपलब्ध कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर गणना फॉर्म वितरित करेंगे तथा मतदाता विवरणों का सत्यापन और अद्यतन कार्य करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, अपर सचिव रीना जोशी, अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय तथा उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ नवाज़िश खालिक मौजूद रहे।
अभियान के तहत सोमवार को बीएलओ पूजा ने कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत के आवास पहुंचकर उन्हें गणना फॉर्म उपलब्ध कराया तथा आवश्यक जानकारी दी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक कुमार राय तथा उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ नवाज़िश खालिक भी उपस्थित रहे।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत पर बीएलओ द्वारा जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल को भी गणना फॉर्म उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडेय, बीएलओ राजेंद्र गिरी, सुपरवाइजर कैलाश चंद जोशी तथा समन्वयक गिरीश तिवारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यह एक राष्ट्रीय महत्व का अभियान है और सभी मतदाता इसमें सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि फॉर्म वितरण के दौरान मतदाताओं को सही जानकारी दें तथा फॉर्म प्राप्त करते समय उसकी पूरी तरह जांच करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि नैनीताल जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। आगामी 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान सभी मतदाताओं तक गणना फॉर्म पहुंचाए जाएंगे तथा बीएलओ ऐप के माध्यम से उनका डिजिटलीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यदि कोई मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से घर पर उपलब्ध नहीं रहता है तो वह वेबसाइट अथवा ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकता है। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा। यदि बीएलओ के भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार घर पर जाएगा तथा अगली विजिट की जानकारी और अपना मोबाइल नंबर स्टीकर पर अंकित कर जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो गणना फॉर्म के साथ उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर सर्वेक्षण के दौरान मतदाताओं से किसी भी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक उनका निस्तारण किया जाएगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई-नेट ऐप के माध्यम से गणना फॉर्म डाउनलोड कर भर सकते हैं और ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। साथ ही यदि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहता है तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भर सकता है, जिस पर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के दौरान विचार किया जाएगा।
सोमवार को जिलेभर में सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करते नजर आए, जिससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ सफलतापूर्वक हो गया।
