नैनीताल प्रशासन का बड़ा एक्शन:आज से मॉलरोड पर हॉर्न बजाया तो तुरंत होगा चालान

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 नैनीताल 👉 आज से मॉलरोड पर हॉर्न बजाया तो सीधे कटेगा चालान, नैनीताल में ‘नो हॉर्न जोन’ लागू
नैनीताल। नैनीताल की ऐतिहासिक मॉलरोड पर आज यानी एक अगस्त से बेवजह हॉर्न बजाना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। जिला प्रशासन ने मॉलरोड को पूरी तरह ‘नो हॉर्न जोन’ घोषित कर दिया है। अब प्रतिबंधित क्षेत्र में हॉर्न बजाने वाले किसी भी वाहन चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य शहर को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाने के साथ-साथ पर्यटकों और स्थानीय लोगों को शांत एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था तल्लीताल डांठ से मल्लीताल रिक्शा स्टैंड तक प्रभावी रहेगी। इस पूरे मार्ग पर अब किसी भी प्रकार के वाहन का हॉर्न बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा संबंधित स्थानों पर नो हॉर्न जोन के संकेतक भी लगाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 21 जुलाई को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मॉलरोड को ध्वनि प्रदूषण मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया था। बैठक में शहर की बढ़ती भीड़, पर्यटकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को अधिक अनुशासित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे, जिनमें मॉलरोड पर हॉर्न प्रतिबंध प्रमुख रहा।
एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि एक अगस्त की सुबह से यह आदेश पूरी तरह लागू हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में यदि कोई वाहन चालक हॉर्न बजाते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत तत्काल चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
प्रशासन का मानना है कि मॉलरोड पर अनावश्यक हॉर्न बजने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी परेशानी होती है। ऐसे में ‘नो हॉर्न जोन’ लागू होने से शहर का वातावरण अधिक शांत, सुरक्षित और अनुशासित बनेगा। अब प्रशासन की नजर इस बात पर रहेगी कि नियमों का सख्ती से पालन हो और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाए।

error: Content is protected !!