नैनीताल के जंगल में आधी रात गूंजी गोली, शिकार करने पहुंचे युवक को वन विभाग ने अवैध बंदूक समेत दबोचा

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
नैनीताल के जंगल में आधी रात गूंजी गोली, शिकार करने पहुंचे युवक को वन विभाग ने अवैध बंदूक समेत दबोचा

आमपोखरा रेंज में रात्रि गश्त के दौरान वन कर्मियों की सतर्कता से बड़ी घटना टली, 12 बोर की देशी बंदूक, कारतूस और चार्जर टॉर्च बरामद, आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
रामनगर (नैनीताल)। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत आमपोखरा रेंज में वन विभाग की सतर्कता से देर रात शिकार की बड़ी साजिश नाकाम हो गई। जंगल में शिकार के इरादे से घुसे एक युवक ने आधी रात गोली चला दी, लेकिन गोली की आवाज सुनते ही गश्त कर रहे वन कर्मी सक्रिय हो गए। घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 12 बोर की अवैध देशी बंदूक, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस और एक चार्जर टॉर्च बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब एक बजे आमपोखरा रेंज के उत्तरी आमपोखरा बीट के प्लाट संख्या-32 में वन विभाग की नियमित रात्रि गश्त चल रही थी। इसी दौरान जंगल के भीतर से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही वन कर्मियों में हड़कंप मच गया और तत्काल पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद वन कर्मियों ने एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष (20 वर्ष), पुत्र बीरू चंद्र, निवासी कुंभगडार चंद्रनगर, मालधनचौड़ बताया।
आमपोखरा रेंज के रेंजर पूरन सिंह खनायत ने बताया कि आरोपी शिकार करने के इरादे से जंगल में घुसा था। उसके पास से 12 बोर की देशी बंदूक, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस और चार्जर टॉर्च बरामद की गई। आरोपी ने शराब का सेवन भी किया हुआ था।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनाधिकृत रूप से जंगल में प्रवेश करने और शिकार के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार सुबह मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी कारागार भेज दिया गया।
रेंजर पूरन सिंह खनायत ने बताया कि घटना के बाद पूरे जंगल में कॉम्बिंग अभियान चलाया गया, लेकिन किसी भी वन्यजीव के घायल होने के साक्ष्य नहीं मिले। वन विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी जंगल में मौजूद थे।

error: Content is protected !!