उत्तराखंड परिवहन विभाग तीन महीने बाद मिला वेतन का चेक, तारीख निकली 2029 की! रोडवेज कर्मचारियों के होश उड़े

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 

 

 

 

 

तीन महीने वेतन का इंतजार, चेक मिला तो तारीख ने उड़ाए होश; 2029 का चेक थमा गया रोडवेज कर्मचारियों को
काशीपुर। उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों को तीन महीने के इंतजार के बाद जब जून माह का वेतन चेक मिला तो राहत की जगह उनकी परेशानी और बढ़ गई। काशीपुर डिपो में कार्यरत दो कर्मचारियों को जो वेतन चेक दिया गया, उस पर 29 अगस्त 2029 की तारीख अंकित थी। वर्तमान में वर्ष 2026 चल रहा है। ऐसे में तीन साल आगे की तारीख वाला चेक हाथ में आने से कर्मचारी हैरान हैं और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
काशीपुर डिपो में लिपिक के पद पर कार्यरत पंकज भटनागर और दीपक जोशी को लंबे समय से जून माह के वेतन का इंतजार था। तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण दोनों कर्मचारी पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि वेतन का चेक मिलने के बाद उनकी परेशानियां कुछ कम होंगी, लेकिन चेक हाथ में आते ही नई समस्या खड़ी हो गई।
चेक पर 29 अगस्त 2029 की तारीख देखकर कर्मचारी भी दंग रह गए। सवाल यह है कि जब वर्तमान वर्ष 2026 है तो वर्ष 2029 की तारीख वाला चेक अभी कैसे भुगतान कराया जाएगा। भविष्य की तारीख के कारण कर्मचारियों के सामने अपने ही वेतन को हासिल करने का संकट पैदा हो गया है। तीन महीने वेतन के लिए इंतजार और उसके बाद गलत तारीख वाला चेक मिलने की घटना ने परिवहन निगम की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तीन महीने वेतन रोका, अब चेक में भी गड़बड़ी
कर्मचारियों का कहना है कि वेतन समय पर नहीं मिलने से पहले ही उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। परिवार के खर्च से लेकर जरूरी भुगतान तक प्रभावित हो रहे थे। लंबे इंतजार के बाद जब वेतन का चेक आया तो उसमें तारीख की ऐसी गड़बड़ी सामने आई, जिसने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।
रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने जताई नाराजगी
रोडवेज कर्मचारी यूनियन के मंत्री पंकज भटनागर ने कहा कि वेतन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में इस तरह की लापरवाही समझ से परे है। चेक जारी करने से पहले उसकी तारीख और अन्य विवरणों की जांच की जानी चाहिए थी। एक छोटी सी लापरवाही के कारण कर्मचारियों को दोबारा विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने गलत चेक तत्काल निरस्त कर सही तारीख का चेक जारी करने की मांग की।
जल्द जारी होगा नया चेक
परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक वित्त, काठगोदाम मनोज कुमार दुर्गापाल ने मामले को गंभीर लापरवाही माना है। उन्होंने कहा, “यह गंभीर लापरवाही है, चेक जारी करने के दौरान गड़बड़ी हुई है। जल्द ही कर्मचारियों को नया चेक जारी करके वेतन दिया जाएगा।”
तीन महीने तक वेतन के लिए इंतजार कराने के बाद अब वर्ष 2029 की तारीख वाला चेक सामने आने से परिवहन निगम की वित्तीय व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों को अब उम्मीद है कि विभाग गलती सुधारकर जल्द सही चेक जारी करेगा, ताकि उन्हें उनका बकाया वेतन मिल सके।