अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 पंत जयंती पर प्रदेशभर में होंगे विविध कार्यक्रम, गोपाल सिंह रावत ने तैयारियों की दी जानकारी
लालकुआं। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती को इस वर्ष उत्तराखंड में भव्य रूप से मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 10 सितंबर को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी एवं राष्ट्रनिर्माता पंडित गोविंद बल्लभ पंत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया जाएगा।
भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत समिति के प्रदेश संयोजक गोपाल सिंह रावत ने बताया कि पंत जयंती समारोह को लेकर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने बताया कि नैनीताल जनपद में भी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित पंडित जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
गोपाल सिंह रावत ने बताया कि जिला मुख्यालय मल्लीताल स्थित पंत पार्क परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा भवाली, भीमताल, नौकुचियाताल, हल्द्वानी, कोटाबाग, रामगढ़, धारी, बेतालघाट, ओखलकांडा और लालकुआं सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी कार्यक्रम होंगे।
विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच भाषण, निबंध लेखन, वाद-विवाद और विचार गोष्ठी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को पंडित गोविंद बल्लभ पंत के संघर्ष, विचारों, राष्ट्र निर्माण में योगदान और स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराया जाएगा।
रावत ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन दर्शन, साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य उनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

