एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ब्लैकमेलिंग गैंग का पर्दाफाश, आपत्तिजनक वीडियो की धमकी देकर लाखों ऐंठने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 उधम सिंह नगर
काशीपुर ब्लैकमेलिंग गिरोह का खुलासा
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ब्लैकमेलिंग गिरोह का खुलासा, आपत्तिजनक वीडियो की धमकी देकर लाखों ऐंठने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, वायरल करने की धमकी देकर वसूली रकम; ₹1 लाख नकद और कार बरामद
काशीपुर। आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए लाखों रुपये की वसूली करने वाले गिरोह का काशीपुर पुलिस ने खुलासा किया है। एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन में पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पीड़ित से वसूली गई रकम में से ₹1 लाख नकद और एक कार बरामद की गई है।
मामला 10 अगस्त 2026 का है। कुंडेश्वरी निवासी सर्वेश कुमार ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसके साथ मारपीट की, रुपये वसूले और जान से मारने की धमकी दी। आरोप यह भी था कि षड्यंत्र के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली काशीपुर में मु0अ0सं0 327/2026 के तहत धारा 115(2), 308(5) और 351(3) भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज धौनी को सौंपी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 12 सितंबर 2026 को प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड से मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पीड़ित से वसूली गई धनराशि में से ₹1,00,000 नकद बरामद हुए। पुलिस ने एक कार भी कब्जे में ली है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को फंसाने की योजना बनाई थी। आरोप है कि पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपये वसूले गए।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और अन्य कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र कुमार पुत्र स्व. सतनाम सिंह, निवासी बैराज कॉलोनी, शक्तिनगर, बिजनौर, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार राजेंद्र कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना काशीपुर में वर्ष 2023 में धारा 489(A), 489(B), 489(C), 34 IPC तथा थाना आईटीआई में वर्ष 2022 में धारा 417, 420, 468, 471 IPC के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज धौनी, कांस्टेबल सुनील भाकुनी, कांस्टेबल बीरेन्द्र बिष्ट और राहुल शामिल रहे।
उत्तराखंड जागरण — तीसरी आंख