बिन्दुखत्ता ऑपरेशन प्रहार का शिकंजा: न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने वाले दो अभ्यस्त वारंटी गिरफ्तार

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉 ऑपरेशन प्रहार का शिकंजा: न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने वाले दो अभ्यस्त वारंटी गिरफ्तार
लालकुआं। न्यायालय के आदेशों की अनदेखी कर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। बिंदुखत्ता पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 60 के मामले में न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) तथा धारा 82 CrPC की आदेशिका की तामीली के बाद दो अभ्यस्त वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत करने और न्यायालयों से जारी आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
बिंदुखत्ता चौकी पुलिस को दोनों अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय से आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत गैर-जमानती वारंट जारी होने के साथ ही धारा 82 CrPC की उद्घोषणा/आदेशिका की तामीली करनी थी। पुलिस द्वारा लगातार उनकी तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस टीम के प्रयासों के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राम सिंह पुत्र प्रीतम सिंह और जसविन्दर पुत्र गुरदीप सिंह, दोनों निवासी धौरा डैम, नजीमाबाद, थाना किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले अभियुक्तों के खिलाफ आगे भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत वारंटियों और वांछित अभियुक्तों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ न्यायालयीय आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक गौरव जोशी, चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता
कानि. प्रहलाद सिंह
कानि. दयाल नाथ