अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
खतरनाक स्टंट: बुलेट की टंकी पर युवती को बैठाकर दौड़ाई बाइक, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप; पुलिस तलाश में जुटी
हल्द्वानी। शहर में मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर अपनी प्रेमिका को बुलेट की टंकी पर बैठाकर तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाता दिखाई दे रहा है। वीडियो काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के हैड़ाखान मार्ग का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में युवती बुलेट की टंकी पर चालक की ओर मुंह करके बैठी नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सामने से एक कार के आने पर मोड़ पर बुलेट अनियंत्रित होती दिखाई देती है। ऐसे में जरा सी चूक बड़ा हादसा कर सकती थी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन इस तरह की लापरवाही और अराजकता देखने को मिलती है, जिससे राहगीरों की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है।
बताया गया कि वायरल वीडियो को एक कार चालक ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा। ग्रामीणों ने पुलिस से ऐसे खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रही बुलेट को ट्रेस करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक और चालक की पहचान की जा सके।
फिलहाल वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो कब और किस स्थान पर बनाया गया तथा इसमें दिखाई दे रहे युवक-युवती कौन हैं। पुलिस द्वारा पहचान होने के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

