अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार पंत के निर्देश पर कार्रवाई, आनंदपुर मोड़ के पास अवैध लकड़ी से भरा कैंटर सीज
लालकुआं। तराई पूर्वी वन प्रभाग के डौली रेंज में वन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने आनंदपुर मोड़ के पास अवैध लकड़ी से लदा एक कैंटर पकड़कर सीज कर दिया। वन विभाग की टीम को देखकर चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर डौली रेंज लालकुआं में सुरक्षित खड़ा कर दिया है। मामले में अग्रिम विभागीय कार्रवाई जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे आनंदपुर मोड़ के पास वन विभाग की टीम वन अपराधों की रोकथाम के लिए कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर RJ 37 GB 7198 का एक आइशर कैंटर आता दिखाई दिया। टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया तो चालक वाहन को सड़क के समीप छोड़कर फरार हो गया।
वन विभाग की टीम ने कैंटर की जांच की तो उसमें अवैध रूप से ले जाई जा रही कंजू की लट्ठा लकड़ी लदी मिली। लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध अभिवहन प्रपत्र वाहन में नहीं पाए गए। इसके बाद वन विभाग ने वाहन को भारतीय वन अधिनियम, 1927 के यथासंशोधित 2001 के प्रावधानों की धारा 41, 42 एवं 52 के अंतर्गत सीज कर दिया।
यह कार्रवाई प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी राहुल मिश्रा, उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल कुमार जोशी तथा वन क्षेत्राधिकारी डौली प्रदीप कुमार पंत के निर्देशों के अनुपालन में की गई। विभागीय संसाधनों की सहायता से कैंटर को डौली रेंज लालकुआं में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
वन विभाग की टीम में वन दरोगा पान सिंह मेहता, राजेंद्र सिंह लटवाल तथा टीसी शाहिद बेग शामिल रहे। वन विभाग द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

