सावधान! 6 महीने से नहीं उठाया राशन तो 12 दिन बाद बंद हो जाएगा कार्ड, 90 दिन में स्थायी रद्दीकरण की तैयारी

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

सावधान! 6 महीने से नहीं उठाया राशन तो 12 दिन बाद बंद हो जाएगा कार्ड, 90 दिन में स्थायी रद्दीकरण की तैयारी

हल्द्वानी। अगर आपने पिछले कई महीनों से सरकारी राशन नहीं लिया है तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लगातार छह महीने तक राशन नहीं उठाने वाले राशन कार्ड अब निष्क्रिय किए जाएंगे। नया नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होने जा रहा है। ऐसे में लाभार्थियों के पास अपने राशन कार्ड को सक्रिय रखने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का समय बेहद सीमित है।

नए आदेश के अनुसार प्रत्येक महीने की 21 तारीख को उन राशन कार्डों को चिह्नित किया जाएगा, जिन पर पिछले छह महीनों से कोई सफल खाद्यान्न उठान या लेन-देन दर्ज नहीं हुआ है। इसके बाद अगले महीने की 1 तारीख को ऐसे कार्ड सिस्टम के माध्यम से स्वतः निष्क्रिय कर दिए जाएंगे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल राशन नहीं उठाने वाले कार्ड ही नहीं, बल्कि डुप्लीकेट राशन कार्ड रखने वाले लाभार्थियों के कार्ड भी निष्क्रिय किए जाएंगे। कार्ड निष्क्रिय किए जाने की सूचना राशन कार्ड में पंजीकृत मुखिया के मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि छह महीने तक राशन नहीं लेने वाले कार्डों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए जिले के सभी सस्ता गल्ला विक्रेताओं और विभागीय अधिकारियों को शिविरों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

90 दिन में स्थायी रद्दीकरण का प्रावधान

राशन कार्ड के निष्क्रिय होने के बाद भी पात्र लाभार्थियों को अपनी स्थिति स्पष्ट करने का अवसर दिया जाएगा। नियम के अनुसार कार्ड को स्थायी रूप से रद्द करने से पहले 90 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान लाभार्थियों की ई-केवाईसी और क्षेत्रीय भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिन लाभार्थियों के राशन कार्ड में मोबाइल नंबर गलत दर्ज है अथवा मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, उनसे विभागीय कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से संपर्क करेंगे। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों की सहायता के लिए जिला स्तर पर हेल्पडेस्क स्थापित की जाएगी।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने राशन कार्ड की स्थिति की जांच करें और यदि लंबे समय से राशन नहीं लिया है तो समय रहते ई-केवाईसी तथा आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि पात्र होने के बावजूद राशन की सुविधा से वंचित न होना पड़े।