एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी की रणनीति से नैनीताल पुलिस का बड़ा वार, मुखानी में अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़; 6 गिरफ्तार, 2 किशोर संरक्षण में

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी की रणनीति से नैनीताल पुलिस का बड़ा वार, मुखानी में अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़; 6 गिरफ्तार, 2 किशोर संरक्षण में
मुखानी में अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी की सटीक रणनीति और निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ में नैनीताल पुलिस की SOG, साइबर सेल और मुखानी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने लक्ष्मण विहार कॉलोनी में छापेमारी कर म्यूल बैंक खातों और अनधिकृत ऐप के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध ट्रांजेक्शन करने वाले अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मुख्य सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया।
5/6 सितंबर की रात सटीक सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में इंदौर, मध्य प्रदेश निवासी राहुल यादव (30) को गिरोह के मुख्य संचालक के रूप में पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने करीब चार महीने में 5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी की है। मामले में कोतवाली मुखानी में मु.अ.सं. 141/2026, IT एक्ट की धारा 66(C), 66(D) तथा BNS की धारा 3(5), 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि राहुल यादव Binance ऐप के जरिए USDT खरीदता था और टेलीग्राम के माध्यम से प्राप्त कथित अनधिकृत ‘UMASTER’ ऐप पर प्रतिदिन करीब 4 से 5 लाख रुपये मूल्य की USDT तीन प्रतिशत अतिरिक्त मुनाफे और बोनस के लालच में बेचता था। गिरोह स्थानीय युवाओं को तीन प्रतिशत कमीशन का लालच देकर लोगों के बैंक खाते, ATM कार्ड, चेकबुक, पासबुक और सिम कार्ड हासिल करता था। इसके बाद म्यूल खातों से ATM के जरिए नकदी निकाली जाती और CDM मशीनों से अन्य खातों में रकम ट्रांसफर की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना राहुल यादव पुत्र अजय यादव, निवासी पंचवटी नगर, इंदौर, हर्षित कुमार पुत्र भरतवीर, निवासी गैस गोदाम रोड, शिव विहार, मुखानी, कमल गोस्वामी पुत्र नवीन गोस्वामी, निवासी तल्ली दीनी, मुक्तेश्वर, साहिल कुमार पुत्र स्व. जीवन राम, निवासी कांडा, बागेश्वर, हाल दमुवाढुंगा, मौ. अयान पुत्र मौ. यामीन, निवासी ग्राम कोरबकू, भोजपुर, मुरादाबाद और मौ. शुभान पुत्र वाजिद हुसैन, निवासी ग्राम सलारपुरकला, सम्भल शामिल हैं। पुलिस ने राहुल को गैंग लीडर, हर्षित को ATM निकासी व CDM जमा, कमल और साहिल को म्यूल खाते उपलब्ध कराने तथा अयान और शुभान को निवेशक की भूमिका में बताया है। दो अन्य वांछितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
₹1.18 लाख नकद और 24 ATM कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,18,800 रुपये नकद, एक Dell लैपटॉप मय चार्जर, एक Apple iPad, 11 स्मार्ट मोबाइल फोन, 24 विभिन्न बैंकों के सक्रिय ATM/डेबिट कार्ड, 12 एक्टिव सिम कार्ड, छह चेकबुक, चार पासबुक और 16 बैंक जमा/CDM पर्चियां बरामद की हैं। बरामद मोबाइलों में iPhone 17 Pro, iPhone 14 Pro, Samsung Galaxy S24 और S22 Ultra सहित अन्य फोन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार राहुल यादव पूर्व में थाना इंदौर ग्रामीण में धारा 420/409 भादवि के मामले में जेल जा चुका है।
अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल और एसएसपी/CO हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में की गई।
कोतवाली मुखानी पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विरेन्द्र चन्द, कांस्टेबल सुनील आगरी और कांस्टेबल दिगम्बर ज्याला शामिल रहे।
SOG नैनीताल टीम में उपनिरीक्षक मोहन सौन (प्रभारी SOG), हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, हेड कांस्टेबल कुन्दन कठायत, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल भानू प्रताप ओली, कांस्टेबल अशोक रावत और कांस्टेबल अरविन्द सिंह शामिल रहे।
साइबर सेल नैनीताल की टीम में उपनिरीक्षक मीनू गौतम (प्रभारी साइबर सेल), ASI बिहारीलाल कुशवाहा, हेड कांस्टेबल शिवेन्द्र बोरा, हेड कांस्टेबल परमदीप सिंह और कांस्टेबल नरेन्द्र धामी शामिल रहे।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कमीशन या पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, ATM कार्ड, पासबुक अथवा चेकबुक किसी को न दें। किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि या साइबर ठगी की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।