अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
हल्द्वानी में बाइक-स्कूटी की भीषण भिड़ंत, दोनों चालक गंभीर घायल; बरेली रोड पर लगा जाम
हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के बरेली रोड पर 26 अक्टूबर की देर रात बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखचे उड़ गए, जबकि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बरेली रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों चालक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और स्कूटी को सड़क से हटवाकर किनारे कराया। इसके बाद यातायात व्यवस्था को सुचारु किया गया और जाम खुलवाकर वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा सके।

