अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉 🔴 लापरवाही का खूनी कट! लालकुआं-हल्दूचौड़ हाईवे पर फिर छिनी एक महिला की जान
लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आईओसी डिपो के सामने बने बेतरतीब और खतरनाक कट ने एक बार फिर जान ले ली। शनिवार प्रातः हल्द्वानी से लालकुआं की ओर जा रहे एक ऑटो और नेक्सॉन कार की भीषण टक्कर में 28 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाइन नंबर 10 आजाद नगर बनभूलपुरा हल्द्वानी निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो संख्या UK04TB-2641 में सवार होकर लालकुआं की ओर जा रहे थे। जैसे ही ऑटो आईओसी डिपो के सामने बने अव्यवस्थित कट के पास पहुंचा, उसी दौरान कट पार कर रही नेक्सॉन कार (UK04AN-4247) से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में गफूर बस्ती निवासी रोजी (28 वर्ष), पत्नी शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शाहरुख (35 वर्ष), उनके चार मासूम बच्चे—अरहान (10), अर्श (8), उजैर (4) और मन्नत (4 माह), ऑटो चालक शोएब का पुत्र रफीक, मुकद्दस (45) और मेहरू बी अंसारी (14) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने ये अव्यवस्थित कट लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं
स्थानीय लोगों का कहना है कि—
“जब तक इन खतरनाक कटों को बंद या व्यवस्थित नहीं किया जाएगा, तब तक मासूम लोगों की जान यूं ही जाती रहेगी।”
घटना के बाद क्षेत्र में गुस्सा साफ नजर आया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर बने ऐसे जानलेवा कटों को तत्काल बंद किया जाए या वैज्ञानिक तरीके से व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
📸 फोटो परिचय:
कार और ऑटो की भीषण भिड़ंत के बाद सड़क पर पलटा ऑटो, घायल महिला सड़क पर गिरी हुई।







