दयारा बुग्याल ट्रैक पर रहस्य बरकरार: पांचवें दिन भी नहीं मिली लापता MBA छात्रा बबीता, परिवार की बढ़ी चिंता

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 दयारा बुग्याल ट्रैक पर रहस्य बरकरार: पांचवें दिन भी नहीं मिली लापता MBA छात्रा बबीता, परिवार की बढ़ी चिंता
देहरादून/उत्तरकाशी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रैक से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई रामनगर निवासी 24 वर्षीय MBA छात्रा बबीता पांडे का पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार दुर्गम जंगलों और ट्रेकिंग मार्गों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
बबीता 29 मई को अपने दो दोस्तों के साथ ट्रैकिंग के लिए दयारा बुग्याल गई थीं। 30 मई की रात गोई क्षेत्र में टेंट लगाकर रुकने के बाद वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं। घटना के बाद से लगातार चल रही तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका है।
इधर, बेटी की सुरक्षित वापसी की आस में परिवार की बेचैनी हर गुजरते दिन के साथ बढ़ती जा रही है। मां और बड़ा भाई उत्तरकाशी में डेरा डाले हुए हैं, जबकि रामनगर स्थित घर पर पिता, दादी और छोटा भाई चिंता में डूबे हुए हैं। पिता गोपाल दत्त पांडेय ने भावुक अपील करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है उनकी बेटी सकुशल घर लौटेगी।
मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ उत्तरकाशी के नेतृत्व में खोज और जांच अभियान लगातार जारी है। पूरे प्रदेश की निगाहें अब इस रहस्यमय गुमशुदगी के खुलासे पर टिकी हैं।

error: Content is protected !!