हल्द्वानी बेलबाबा में रफ्तार का कहर: स्कूटी सवार 22 वर्षीय युवक की मौत, साथी वेंटिलेटर पर

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
बेलबाबा में रफ्तार का कहर: स्कूटी सवार 22 वर्षीय युवक की मौत, साथी वेंटिलेटर पर
हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित बेलबाबा क्षेत्र में मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय अरसलान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने कार चालक को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर उजाला निवासी अरसलान अपने साथी के साथ एसी मैकेनिक का काम करता था। मंगलवार को दोनों काम के सिलसिले में रुद्रपुर गए थे। देर शाम स्कूटी से हल्द्वानी लौटते समय ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र में बेलबाबा के पास सामने से आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की अर्टिगा कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक स्कूटी से उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 22 वर्षीय अरसलान को मृत घोषित कर दिया। उसके साथी की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर पर रखकर उपचार किया जा रहा है।
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
भीषण टक्कर में अर्टिगा कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर टाटा सूमो की मदद से सड़क से हटवाया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके से दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
चालक पुलिस की अभिरक्षा में
पुलिस ने अर्टिगा चालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कार की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारण पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
22 साल की उम्र में अरसलान की मौत से परिवार में मातम पसरा है। वहीं गंभीर रूप से घायल उसके साथी के परिजन अस्पताल में उसकी जिंदगी बचने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। एक ही हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बेलबाबा क्षेत्र में हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और घायल युवक के उपचार पर सभी की नजरें टिकी हैं।

error: Content is protected !!