अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 नैनीताल 👉 आईजी निवेदिता कुकरेती की अगुवाई में कैंची धाम मेले की सुरक्षा तैयारियां पूरी, अधिकारियों और पुलिस बल को दिए सख्त निर्देश
हल्द्वानी/नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कैंची धाम मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मेले में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिस बल को कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती ने विस्तृत ब्रीफिंग देते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित ब्रीफिंग बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रायल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल तथा अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना नरेन्द्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को सतर्क रहते हुए श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
बैठक में मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, बैरियरों, प्रवेश द्वारों और प्रमुख मार्गों पर बीडीएस टीमों द्वारा नियमित एंटी-सबोटाज चेकिंग, स्थानीय अभिसूचना इकाइयों की सक्रिय तैनाती, यातायात एवं डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा, खोया-पाया केंद्र, मीडिया पास और प्रसाद वितरण वाहनों के संचालन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे क्षेत्र को चार सुपर जोन और 14 जोन में विभाजित किया गया है। मेले में 3 एसएसपी/एसपी, 8 अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी, 26 निरीक्षक एवं थाना प्रभारी, 146 उपनिरीक्षक, 475 पुलिस कर्मी, 31 ट्रैफिक पुलिस कर्मी, 455 रिक्रूट कांस्टेबल, दो कंपनी पीएसी, दो कंपनी सीएपीएफ के अलावा SDRF, फायर सर्विस और बीडीएस की टीमें भी तैनात की गई हैं।

ब्रीफिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अक्षय कौंडे, पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा, उपसेनायक 31वीं पीएसी मिथिलेश कुमार, उपसेनायक आईआरबी-1 बेलपड़ाव बीर सिंह, उपसेनायक 46वीं पीएसी विमल आचार्य, अपर पुलिस अधीक्षक सीआईडी हल्द्वानी दीपशिखा अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.बी. बाजपेयी, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका सिंह, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद सहित CAPF, PAC, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता से अपील की है कि मेले के दौरान यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, जिससे कैंची धाम स्थापना दिवस मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
