अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
67 साल के बुजुर्ग की अनोखी चोरी: पड़ोसी के घर का लोहे का गेट ही काट ले गया, CCTV ने खोला राज
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 67 वर्षीय बुजुर्ग ने पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी के घर का पूरा लोहे का गेट ही चोरी कर लिया। आरोपी ने ग्राइंडर मशीन से गेट काटा और उसे मौके से लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला डालनवाला थाना क्षेत्र के आंबेडकर मार्ग डीएल रोड का है। पुलिस के अनुसार, गुलनार बानो ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को वह परिवार के साथ घर से बाहर गई थीं। अगले दिन लौटने पर घर के मुख्य प्रवेश द्वार से लोहे का गेट गायब मिला।
शिकायतकर्ता ने चोरी का शक अपने पड़ोसी तनवीर अहमद खान पर जताया। बताया गया कि दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में एक व्यक्ति ग्राइंडर मशीन की मदद से लोहे का गेट काटकर ले जाता दिखाई दिया। जांच के बाद पुलिस ने 67 वर्षीय तनवीर अहमद खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसकी भूमिका सामने आई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब छह फीट लंबा और छह फीट चौड़ा चोरी किया गया लोहे का गेट बरामद कर लिया। गेट सहस्रधारा रोड स्थित हिल व्यू अपार्टमेंट के पास दुर्गा एन्क्लेव-2 के खाली प्लॉट से मिला।
पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
हैरान करने वाली चोरी का CCTV खुलासा, पड़ोसी ही निकला गेट चोर।
67 साल के बुजुर्ग की अनोखी चोरी: पड़ोसी के घर का लोहे का गेट ही काट ले गया, CCTV ने खोला राज
