धाकड़ धामी की जीरो टॉलरेंस नीति का असर, एसएसपी अजय गणपति का बड़ा एक्शन: रंगदारी और अवैध वसूली करने वाले गिरोह के 3 शातिर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
धाकड़ धामी की जीरो टॉलरेंस नीति का असर, एसएसपी अजय गणपति का बड़ा एक्शन: रंगदारी और अवैध वसूली करने वाले गिरोह के 3 शातिर गिरफ्तार
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति को धरातल पर उतारते हुए ऊधम सिंह नगर पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में गदरपुर पुलिस ने अवैध वसूली और रंगदारी के जरिए डंपर चालकों में दहशत फैलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सरोवरनगर निवासी फईम अहमद ने कोतवाली गदरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भाई वरीस अहमद 1 जून 2026 को रुद्रपुर से घर लौट रहा था। इसी दौरान मसीत गांव रोड पर विकास सागर अपने साथियों अमित सागर, प्रदीप दिवाकर और गोलू कोटिया के साथ कार में पहुंचा और उसे जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विकास सागर लंबे समय से पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई का भय दिखाकर शिकायतकर्ता के भाई से हर महीने करीब 35 हजार रुपये की रंगदारी वसूल रहा था। मोबाइल फोन में उसके खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद थे, जिन्हें मिटाने के उद्देश्य से फोन लूटा गया था।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर डिवाइन सिटी कॉलोनी, छतरपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर विकास सागर, अमित सागर और प्रदीप दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर गुलरभोज फ्लाईओवर के पास झाड़ियों से लूटा गया OPPO A-78 मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए मोबाइल का सिम कार्ड तोड़ दिया था और फोन को फॉर्मेट भी कर दिया था।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलैनो कार संख्या UK06BH8088 भी बरामद कर ली है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से कई अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
विकास सागर निवासी सरस्वती इन्क्लेव, भुरारानी रोड, रुद्रपुर
अमित सागर निवासी प्रीत विहार कॉलोनी, रुद्रपुर
प्रदीप दिवाकर निवासी रम्पुरा वार्ड नंबर-21, रुद्रपुर
फरार आरोपी
गोलू कोटिया (तलाश जारी)
बरामदगी
लूटा गया OPPO A-78 मोबाइल फोन
सफेद रंग की बलैनो कार UK06BH8088
अन्य चार मोबाइल फोन
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की रंगदारी, अवैध वसूली, गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता और वाहन चालकों को भय दिखाकर धन उगाही करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
धाकड़ धामी की जीरो टॉलरेंस नीति और एसएसपी अजय गणपति की सख्त कार्यशैली के चलते अपराधियों में खौफ और आमजन में सुरक्षा का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

error: Content is protected !!