अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 उधम सिंह नगर 👉 गदरपुर 👉 धाकड़ धामी की सियासी चाल! विधायक अरविंद पांडे के घर पहुंचकर दूर की नाराजगी की चर्चाएं, भाजपा में एकजुटता का संदेश
उत्तराखंड की राजनीति में धाकड़ फैसलों के लिए पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया है। मुख्यमंत्री धामी के लिए सियासत में कुछ भी नामुमकिन नहीं माना जाता। लंबे समय से मुख्यमंत्री और पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के बीच कथित दूरियों को लेकर चल रही चर्चाओं को धामी ने अपनी पहल से खत्म करने का संदेश दे दिया है।
मुख्यमंत्री आज हेलीकॉप्टर से गूलरभोज पहुंचे और वहां से सीधे विधायक अरविंद पांडे के आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच आत्मीयता और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को मुख्यमंत्री धामी की सियासी रणनीति और संगठन को साथ लेकर चलने की पहल के रूप में देख रहे हैं।
मुख्यमंत्री के इस कदम से साफ संदेश गया है कि भाजपा परिवार में संवाद और समन्वय को प्राथमिकता दी जाती है। धाकड़ धामी ने एक बार फिर साबित किया है कि वह परिस्थितियों को संभालने और सभी को साथ लेकर चलने की कला में माहिर हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। वहीं विधायक अरविंद पांडे ने भी मुख्यमंत्री धामी के साथ अपने रिश्तों को लेकर तमाम अटकलों को खारिज कर दिया।
विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री के उनके आवास आने की जानकारी करीब 15 मिनट पहले मिली। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी उनके छोटे भाई हैं और उनके साथ उनके हमेशा अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है, हम सब एक हैं और मिलकर पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।
इस मुलाकात ने उत्तराखंड की सियासत में एक बड़ा संदेश दिया है कि मुख्यमंत्री धामी संवाद और समन्वय के जरिए हर परिस्थिति को संभालने में विश्वास रखते हैं। राजनीति में चर्चाएं और कयास चलते रहते हैं, लेकिन धाकड़ धामी के इस कदम ने फिलहाल सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
